पुलिस जांच में खुलासा- प्रॉपर्टी डीलर फायरिंग केस निकला झूठा, खुद को मारी थी गोली, PGI से भी हुआ फरार
punjabkesari.in Sunday, Jul 30, 2023 - 03:00 PM (IST)

रोहतक: जिले में प्रॉपर्टी डीलर को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने का मामला झूठा निकला। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी डीलर ने खुद ही खुद को गोली मारी थी। वहीं रोहतक PGI से प्रॉपर्टी डीलर पुलिस से बचने के लिए फरार भी हो गया है। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
बता दें कि रोहतक के सेक्टर 2 निवासी प्रॉपर्टी डीलर सुशील उर्फ शीला शुक्रवार देर रात गोली लगने के कारण रोहतक PGI में भर्ती हुआ था, जहां शुरुआत में प्रॉपर्टी डीलर ने कहा था कि जब वह सनसिटी रोड पर लघुशंका के लिए रुका तो अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोली सीधी उसकी जांघ में जा लगी।
रोहतक PGI में जब पुलिस घायल के बयान दर्ज करने पहुंची तो उसने बयान देने में असमर्थता जताई और मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। पुलिस ने अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि लापरवाही के कारण सुशील ने खुद को गोली मारी है।