चलती बस में महिला से छेड़छाड़, आरोपी उसके अंगूठे में दांत काटकर भागा

punjabkesari.in Sunday, Jan 23, 2022 - 12:22 AM (IST)

गुरुग्राम, 22 जनवरी (भाषा) चलती बस में एक व्यक्ति ने एक महिला के साथ कथित रूप से छेड़खानी की तथा जब उस महिला को अन्य यात्रियों ने बचाने की कोशिश की तब वह उसके अंगूठे में दांत काटकर भाग गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को यह वाकया तब हुआ जब वह गुरुग्राम के सेक्टर -18 के एक ऑटोमोबाइल शोरूम से घर जा रही थी। वह इस शोरूम में काम करती है।

महिला की शिकायत पर बिलासपुर थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 323 (नुकसान पहुंचाना), 354 ए (छेड़छाड़) और 506 (आपराधिक धौंसपट्टी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया कि शुक्रवार शाम को महिला ड्यूटी के बाद इफको चौक पर एक निजी बस में सवार हुई और जब वह करीब साढ़े सात बजे पंचगांव चौक पर पहुंची तब एक सह-यात्री उसे घूरने लगा और गालियां देने लगा।
महिला ने पुलिस से कहा, ‘‘बिलासपुर चौक के समीप उसने मेरे साथ छेड़छाड़ किया। मेरे विरोध करने पर भी वह नहीं रूका। जब अन्य यात्री मेरी मदद को आगे आये तब उसने मेरा हाथ खींचा और मेरे अंगूठे में दांत काटकर भाग गया। उसने मुझे जान से भी मार देने की धमकी दी।’’
निरीक्षक जय प्रकाश ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गयी है और वह बिलासपुर कलां का निवासी है, फिलहाल फरार है लेकिन उसे शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।
एक अन्य घटना में इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने कक्षा 10वीं की एक छात्रा के साथ कथित रूप से मार-पीट की। आरोपियों ने छात्रा को बंधक बनाकर रखा एवं उसके साथ मारपीट की। बाद में वे जान से मारने की धमकी देकर चले गये। छात्रा गंभीर रूप से घायल है और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बादशाहपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। यह घटना सकतापुर गांव की है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News

static