4 साल का भैंसा बना आकर्षण का केंद्र, खूबसूरती पर खर्च होते हैं 10 हजार रुपए-5 लाख फैन

punjabkesari.in Sunday, Jan 19, 2020 - 03:22 PM (IST)

कुरुक्षेत्र: किसी खिलाड़ी, एक्टर या नेता के लाखों फैन हैं, यह तो आपने सुना होगा, लेकिन अगर कोई कहे एक भैंसे के 5 लाख फैन हैं तो शायद यह बात आप पहली बार सुन रहे होंगे। यह बात किसी को हजम नहीं होगी, लेकिन ये एकदम सच है। इन दिनों एक भैंसा खासा चर्चित है। दरअसल, डेयरी फार्म्स एसोसिएशन की ओर से कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में पशु मेले की शुरुआत की गई, इसमें पंजाब के फाजिल्का से भैंसे को लाया गया है। यहां यह हर किसी के आकर्षण का केंद्र बना है। बीते साल यह भैंसा देशभर में चैंपियन रहा है। 

फाजिल्का जिले के गांव बैरोकी के पशु पालक शेरबाज सिंह के पास 22 भैंसे व 28 भैंसें हैं, जिनमें से एक भैंसा सबसे लोकप्रिय है। इसकी मां का नाम लक्ष्मी है, जिसके नाम पर शेरबाज लक्ष्मी डेयरी फार्मिंग के नाम से पशु पालन और नस्ल सुधार के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। दिसंबर 2019 में लुधियाना के जगराओं में आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप का खिताब अपनी चाल-ढाल और सुंदरता के दम पर जीता था।

PunjabKesari, haryana

खाने को लेकर रखा जाता है विशेष ख्याल, बॉडी मसाज भी किया जाता
इस भैंसे को फिट रखने के लिए उसे सुबह शाम सैर पर करवाई जाती है। बैठने के लिए गद्दे लगाए जाते हैं। गर्मी से बचाने के लिए कूलर का प्रबंध किया गया है तो सर्दी से बचाने से बचाने के लिए अंगीठी भी जलाई जाती है। समयानुसार गेहूं का दलिया, चना-चूरी, सरसों की खल और खांडा खिलाया जाता है। इसके अलावा मुर्राह नस्ल के इस भैंसे की उम्र चार साल और वजन 15 क्विंटल है। खूबसूरती पर हर महीने 10 हजार रुपए प्रतिमाह खर्च होते हैं। एक आदमी स्पेशली भैंसे की साज-सज्जा और रेगुलर बॉडी मसाज के लिए रखा गया है। वह भैंसे के चेहरे का पूरा मेकअप, सींगों पर काला पेंट व रेगुलर बॉडी मसाज करता है।|

लाखों रुपए का इनाम जीत चुका यह भैंसा
चार साल के इस भैंसे के सोशल मीडिया पर लक्ष्मी डेयरी फार्मिंग के नाम से बने फेसबुक पेज पर साढ़े पांच लाख से अधिक फॉलोअर हैं। इसके मालिक वरिंदर सिंह (शेरबाज सिंह के पुत्र) ने बताया कि पहले भी इस अग्रज नस्ल के पशु (भैंस लक्ष्मी और भैंसा) अपने समय में चैंपियन रहे हैं। लक्ष्मी ने साल 2016 में सबसे अधिक 24 किलो दूध देकर ऑल इंडिया चैंपियन का खिताब जीता था। इस खिताब के साथ दो लाख रुपए का नकद इनाम मिला था। अब इस भैंसे ने जहां इनामों की झड़ी लगानी शुरू कर दी है, वहीं इसके सीमन से भी अच्छी कमाई हो रही है। मालिक की मानें तो उन्होंने दो माह पहले ही इसके सीमन को बेचना शुरू किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static