राज्यसभा चुनाव में गद्दारी करने वाला बेशक पार्टी से बच सकता है, लेकिन भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं: गोगी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 29, 2022 - 05:27 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : राज्यसभा चुनाव में हुई हार को लेकर कांग्रेस पार्टी का समय-समय पर दर्द झलक रहा है। इस पर बोलते हुए असंध विधायक शमशेर सिंह गोगी ने अफसोस व्यक्त किया है कि विधायक ज्यादा होने के बावजूद सांसद निर्दलीय का बन जाना कांग्रेस का एक बड़ा नुकसान है। गलती किसी की भी रही हो नुकसान पार्टी का हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस भी व्यक्ति की वोट रद्द हुई, उसकी अंतरात्मा उसे धिक्कार रही होगी। हाईकमान को उसके बारे में सब पता है। लेकिन खुद अपने खिलाफ प्रचार करने से पार्टी का और अधिक नुकसान होगा। इसलिए ऐसा नहीं किया जा रहा।

गोगी ने कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं हो सकता और जिसने भी यह गद्दारी की है, बेशक पार्टी से वह बच सकता है, लेकिन भगवान से नहीं बच सकता। भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं है। उन्होंने चौ0 वीरेंद्र सिंह पर टिप्पणी करते हुए कुलदीप बिश्नोई को एक संदेश दिया कि मेरे बेशक कुलदीप बिश्नोई से अच्छे संबंध है, लेकिन उन्होंने पार्टी का जो बड़ा नुकसान किया है, वह नहीं करना चाहिए था। भाजपा ने जिसका सत्यानाश करना हो, उसे अपने में मिलाती है। चाहे चौ. बिरेंदर सिंह का हाल देख लो, भाजपा मात्र डमी बनाकर रखती है।

उन्होंने कहा कि चौधरी वीरेंद्र एक सक्रिय राजनीतिक व्यक्ति हैं, जो घर पर नहीं बैठ सकते। भाजपा वाले उन्हें नहीं पूछ रहे और इसलिए वह कोशिशों में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में वीरेंद्र का भविष्य कुछ नहीं है। जिस दिन भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में आ जाएंगे, उसी दिन ही भविष्य बनेगा। उनका भविष्य कांग्रेस में था और कांग्रेस में ही रहेगा। शमशेर सिंह गोगी ने कुमारी शैलजा को सीडब्ल्यूसी का सदस्य बनाने पर हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाईकमान को और ध्यान रखना चाहिए। हरियाणा में कांग्रेस को जिताने के लिए बैलेंस बनाना आज समय की जरूरत है। सभी नेताओं को आपस में सहयोग करना चाहिए। इसमें हाईकमान को भूमिका अदा करते हुए सभी को इकट्ठे बिठाकर एक मंच पर इकट्ठे होने के आदेश पारित करने चाहिए।

गोगी ने मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति अच्छा है तो जरूरी नहीं कि वह मुख्यमंत्री भी अच्छा साबित होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी अच्छे व्यक्ति हो सकते हैं, लेकिन वह किसी के दबाव में काम कर रहे हैं। उनके विधानसभा क्षेत्र करनाल में सबसे अधिक घोटाले सामने आए हैं। हरियाणा में आज कितना भी बड़ा भ्रष्टाचार या अपराध हो जाए ना ही कोई जांच होगी और ना ही रिजल्ट आएगा। कोविड काल के दौरान सड़क पर एक आम व्यक्ति नहीं निकल सकता था और इतने बड़े स्तर पर शराब घोटाला हुआ। लेकिन कोई जांच -कोई कार्यवाही नहीं हुई। सीआईडी की रिपोर्ट को मुख्यमंत्री के अलावा कोई नहीं दबा सकता। फिर भी कार्यवाही नहीं हुई। रजिस्ट्री घोटाला हुआ। करनाल घोटाले में आरोपित उपायुक्त को प्रमोट करके गुड़गांव उपायुक्त लगा दिया गया। आज अस्पतालों में डॉ, पैरामेडिकल स्टाफ नहीं है। कई बार भर्ती निकाली गई, लेकिन पोस्टपोन कर दी गई। पेपर होने के बाद लीक हो जाते हैं। एचपीएससी का भ्रष्टाचार सामने आता है।

अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा और युवाओं के लिए घातक बताते हुए गोगी ने इसे देश को बर्बाद करने का षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके लिए बड़ा सत्याग्रह करने जा रही है। देश की सुरक्षा और नौजवान के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जिस प्रकार से पहले भर्तियां होती रही हैं, सरकार को इस से छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए। केंद्र सरकार को देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। 2013-14 में मोदी अपने चुनाव के वक्त युवा देश का नारा लगाते थे, आखिर अब वही भारत आख़िर अब बूढ़ा कैसे हो गया। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के लोकतंत्र और संविधान को समाप्त करना चाहती है। देश में अपनी मनमानी चला रही है। ऐसा लगता है जैसे पुलिस रूल हो गया हो। लेकिन कांग्रेस नहीं झुकेगी। उन्होंने मोदी को तानाशाह बताते हुए कहा कि इस देश ने औरंगजेब की जबरदस्ती को बर्दाश्त नहीं किया, अगर मोदी अपने आपको उससे बड़ा समझते हैं तो यह उनकी मंशा अधूरी रह जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static