किसानों पर हुए लाठीचार्ज व उनकी गिरफ्तारी को लेकर शाहाबाद पहुंचे राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी को बताया ‘लड़ाकू’

punjabkesari.in Wednesday, Jun 07, 2023 - 05:05 PM (IST)

शाहाबाद (राजेश नावल्टी) : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मंगलवार को शाहाबाद पहुंचे। बीते दिन किसानों पर हुए लाठीचार्ज व उनकी गिरफ्तारी को लेकर टिकैत ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान राकेश टिकैत ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि या तो सरकार गुरनाम सिंह चढ़ूनी को रिहा करे अन्यथा जिस जगह लाठीचार्ज व उनकी गिरफ्तारी की घटना घटित हुई है वहीं पर धरना लगेगा। उन्होंने गुरनाम सिंह चढ़ूनी को लड़ाकू नेता बताया।

बता दें कि बीती रात सरकार द्वारा किसानों पर किए गए लाठीचार्ज मे गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी के विरोध में आज धरना प्रदर्शन शुरू किया गया। इस प्रदर्शन में किसान नेता राकेश टिकैत पहुंचे और गुरनाम सिंह चढ़ूनी की रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा एमएसपी की मांग को लेकर हरियाणा में लाठीचार्ज हुआ है और इसके  विरोध का असर पूरा देश में होगा। उन्होंने कहा गुरनाम सिंह का मुद्दा था कि सरकार एमएसपी पर फसल की खरीद करे, इसलिए किसान यूनियन ने एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा एमएसपी को लेकर किसान पर पहली लाठी हरियाणा में पड़ी है। हरियाणा के लोग क्रांतिकारी लोग हैं। 13 महीने शांतिपूर्ण कृषि आंदोलन चला है, हरियाणा के लोग तो चार-पांच दिन में ही उथल-पुथल कर देते हैं। हरियाणा के लोगों के बिना किसान आंदोलन सफल नहीं हो सकता था।

टिकैत ने कृषि आंदोलन की सफलता के पीछे हरियाणा की खाप पंचायत, हरियाणा के लोग व गुरुद्वारा साहिब का सफल सहयोग बताया है। उन्होंने कहा कि अगर ये तीनों चीजें ना होती तो आंदोलन चल ही नहीं सकता था। उन्होंने कहा सरकार किसान यूनियन में फूट डालने की कोशिश कर रही है, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा। पूरे देश की किसान यूनियन एक है।

उन्होंने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है किसान अपनी फसल को मंडी के बाहर कहीं भी बेच सकता है, ऐसे में अगर किसान डीसी के ऑफिस के बाहर अपनी फसल को बेचे तो उसको बहुत अच्छा मूल्य मिलता है। इस बात का उनको तजुर्बा है। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की महिला प्रदेश अध्यक्ष सुमन हुड्डा ने भी सरकार पर जमकर प्रहार किए और महिलाओं को इस धरने में शामिल होने की अपील की।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Recommended News

Related News

static