पुलिस हिरासत से फरार आरोपी मध्य प्रदेश से दोबारा गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 09:53 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-14 थाना पुलिस ने कार गबन के मामले में पुलिस हिरासत से फरार हुए आरोपी को मध्य प्रदेश से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने कई दिनों तक लगातार तलाश अभियान चलाया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी कंपनी विद्या ब्लू बर्ड्स की कार मरम्मत के लिए शीतला माता मंदिर रोड स्थित यूए ऑटोमोबाइल्स वर्कशॉप में छोड़ी गई थी। निर्धारित समय पर वाहन लेने पहुंचने पर कार वहां नहीं मिली। जांच में पता चला कि कंपनी का पूर्व कर्मचारी प्रकाश रजक कार लेकर फरार हो गया था। इस पर सेक्टर-14 थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रकाश रजक (27), निवासी जिला सागर (मध्य प्रदेश) को हिरासत में लिया था। एक जुलाई को उसे पूछताछ के लिए गुरुग्राम लाया जा रहा था। इसी दौरान मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाते समय आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर सरकारी वाहन लेकर फरार हो गया।
इसके बाद इंस्पेक्टर अमित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में लगातार दबिश दी। जांच में पता चला कि आरोपी फरार होने के बाद अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था। पुलिस ने 9 जुलाई को जिला सागर के एक गांव से उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी की संलिप्तता अन्य मामलों में तो नहीं रही है।