कहीं आप तो नहीं कर रहे ये गलती: FB पर फर्जी विज्ञापन से फंसा रिटायर्ड फौजी, 40.52 लाख की साइबर ठगी
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 04:11 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड सैन्य जवान को स्टॉक मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर 40 लाख 52 हजार रुपए की चपत लगा दी। ठगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर वित्त मंत्री के नाम से फर्जी विज्ञापन दिखाकर पीड़ित को जाल में फंसाया।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत के अनुसार, गांव बगथला निवासी आर्मी से रिटायर्ड शकीन सिंह ने बताया कि 17 जनवरी को उन्होंने फेसबुक पर “ग्लोबल टेक न्यूज” नाम की आईडी से एक पोस्ट देखी। पोस्ट में वित्त मंत्री का वीडियो दर्शाया गया था, जिसमें कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर रजिस्ट्रेशन करने की बात कही गई थी। वीडियो में दावा किया गया था कि 21 हजार रुपए निवेश करने पर हर सप्ताह 50-60 हजार रुपए तक का मुनाफा मिलेगा।
भरोसा जीतकर बढ़ाया दायरा
लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करने के कुछ देर बाद पीड़ित के पास इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को कंपनी का अकाउंट मैनेजर बताया और सीनियर सिटीजन होने के नाते विशेष छूट देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद Proxtrend.com नामक वेबसाइट पर ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर करीब 19 हजार रुपए जमा करवाए गए। दो दिन बाद दोबारा कॉल कर बताया गया कि अकाउंट में मुनाफा हो चुका है। ऐप पर प्रॉफिट की रकम भी दिखाई गई। लालच बढ़ाने के लिए ज्यादा निवेश पर ज्यादा रिटर्न का झांसा दिया गया।
अलग-अलग किश्तों में जमा करवाए लाखों रुपए
कॉलर की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर 10 लाख, 8 लाख, 2 लाख 30 हजार, 5 लाख 71 हजार समेत कुल 40 लाख 52 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। ऐप से पैसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कोई रकम विड्रॉ नहीं हो सकी।पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना इंचार्ज पीएसआई महेश कुमार ने बताया कि ठग शुरुआत में नकली प्रॉफिट दिखाकर विश्वास जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम हड़प लेते हैं।
पंजाब केसरी द्वारा जुटाए गई जानकारी के अनुसार ऐसे करें साइबर ठगी से बचाव-इस मामले को लेकर पंजाब केसरी टीम द्वारा जानकारी जुटाई गई और लोगों को जागरूक करने के लिए बेहतर तरीका यह निकल गया कि-
- सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश संबंधी विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
- केवल विश्वसनीय और अधिकृत प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें।
- ज्यादा मुनाफे के लालच से बचें, क्योंकि ठग इसी मनोविज्ञान का फायदा उठाते हैं।
- यदि ठगी का संदेह हो तो तुरंत अपने बैंक कस्टमर केयर से संपर्क कर खाता फ्रीज करवाएं।
- ट्रांजैक्शन का मैसेज मिलते ही 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।
- 24 घंटे के भीतर राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
- बैंक में रजिस्टर्ड ईमेल से तुरंत लिखित सूचना भेजें, ताकि समय रहते रकम रिकवर की जा सके।
- पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या निवेश स्कीम से सावधान रहें और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।