पुलिस मुठभेड़ में इनामी गैंगस्टर रिंकू सिंह काबू -होली पर हुई भाई की हत्या का बदला दीपावली पर लिया

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2023 - 06:34 PM (IST)

गुडग़ांव, (ब्यूरो): सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच ने बहुचर्चित कासन हत्याकांड का मुख्य आरोपित गैंगस्टर रिंकू सिंह को सोमवार की सुबह बारगुर्जर इलाके से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी होली के दिन हुई भाई की हत्या का बदला लेने के लिए दीपावली के दिन हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी से एक पिस्टल और आई-20 कार बरामद कर कार्रवाई शुरु कर दी।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

दरअसल, गांव कासन के पूर्व सरपंच स्व. गोपाल सिंह चौहान के बेटे बलराम सिंह चौहान, सोनू सिंह चौहान, रिश्तेदार राजेश सिंह, विकास सिंह और प्रवीण सिंह 4 नवंबर 2021 को दीपावली की रात घर में पूजा कर रहे थे। उसी दौरान हथियारबंद पांच-छह बदमाशों ने घर में घुसकर पूजा में बैठे सभी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली बलराम सिंह चौहान के बेटे यश के हाथ को छूती हुई निकल गई। उपचार के दौरान बलराम सिंह चौहान, सोनू सिंह चौहान, प्रवीण सिंह और विकास सिंह की मौत हो गई थी। छानबीन में सामने आया कि गांव के ही गैंगस्टर रिंकू सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों की धरपकड़ शुरु कर दी। शुक्रवार को ही मामले में एक अन्य आरोपित मनीष को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भिवानी से दबोच कर गुरुग्राम पुलिस के हवाले किया था। मनीष पर 35 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने अब तक कुल 18 आरोपित गिरफ्तार कर लिया है।

 

सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच के प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद कुमार को सूचना मिली कि कासन के पूर्व सरपंच के घर में घुसकर फायरिंग करके 4 लोगों की हत्या करने के मामले का मुख्य सरगना/मास्टरमाईंड एक कार में सवार होकर नौरंगपुर-तावड़ रोड पर आ रहा है। जिस पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को काबू करने का प्रयास किया। लेकिन, आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया। दोनों तरफ से गोलियां चली और पुलिस ने 36 वर्षीय योगेन्द्र उर्फ रिंकू सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

 

 

रिंकू सिंह के भाई मनोज सिंह की हत्या वर्ष 2007 में होली के दिन गोली मारकर कर दी गई थी। इस हत्याकांड में आरोपित के रूप में बलराम सिंह चौहान और सोनू सिंह चौहान की पहचान की गई थी। दोनों को उम्रकैद की सजा हुई थी और वे पैरोल पर बाहर हुए थे। जिसकी रंजिश रखते हुए और बदला लेने की नीयत से इसने अपने अन्य साथियों के साथ दीपावली के दिन हत्याकांड की योजना बनाई थी। रिंकू सिंह को पता चला कि दोनों भाई और रिश्तेदार दीपावली के दिन एक साथ दीपावली की पूजन करेंगे। इसके बाद रिंकू सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए रिंकू सिंह राजस्थान व झारखण्ड में विभिन्न स्थानों पर रहा।

 

 

एसीपी क्राइम प्रीतपाल सिंह का कहना है कि रिंकू सिंह ने ही रंजिश में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। रिंकू सिंह को सोमवार की सुबह बारगुर्जर इलाके से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों ओर से 3-3 राउंड गोलियां चली थी। जिसमें किसी को गोली नहीं लगी। रिंकू सिंह पर 50 हजार रुपये का घोषित था। मामले में लगभग आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pawan Kumar Sethi

Recommended News

Related News

static