रेवाड़ी के हंस नगर में गैस धमाके से उजड़ा परिवार, बेटी के बाद पिता की भी मौत; गैस कंपनी पर मामला दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 05:51 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : शहर के हंस नगर में हुए भीषण ब्लास्ट ने एक पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 25 वर्षीय तन्नु की मौत के बाद शनिवार को उसके 60 वर्षीय पिता एवं पूर्व सैनिक सतबीर सिंह चौहान ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पिता की मौत की खबर सामने आते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हादसे में झुलसे तीन अन्य लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, तन्नु की नवंबर माह में शादी तय थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन अचानक हुए इस भीषण विस्फोट ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। हादसे में तन्नु की मां मधु, पड़ोसी जयभगवान तथा तन्नु की करीब तीन वर्षीय चचेरी बहन खुशी गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर गैस रिसाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर पुलिस ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि घर में जैसे ही प्रेस (इलेक्ट्रिक आयरन) का स्विच ऑन किया गया, उसी दौरान जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें मौजूद लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भी नाराजगी देखने को मिली।
क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद काफी देर तक प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में प्रशासन को तुरंत राहत एवं सहायता के लिए मौके पर पहुंचना चाहिए था।।बताया गया है कि पूर्व सैनिक सतबीर सिंह चौहान का परिवार मूल रूप से रेवाड़ी जिले के गांव टांकड़ी का निवासी था। वर्तमान में परिवार शहर के हंस नगर, गली नंबर-3 में रह रहा था, जहां यह दर्दनाक हादसा हुआ। पूरे इलाके में घटना के बाद शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।