रेवाड़ी में लूट गिरोह का पर्दाफाश: 3 नाबालिगों सहित 5 आरोपी गिरफ्तार, कब्जे से अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 04:37 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : कसौला थाना पुलिस ने अपहरण कर लूटपाट की वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग हैं, जबकि दो बालिग आरोपियों में से एक के खिलाफ एक और दूसरे के खिलाफ लूट व शस्त्र अधिनियम सहित पहले से कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए रेवाड़ी से खाटूश्याम जाने के बहाने एक कार किराये पर ली थी। 

मामले का खुलासा डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कसौला थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान किया। इससे पहले आरोपियों की पुलिस द्वारा कराई गई पैदल परेड का एक वीडियो भी सामने आया। हालांकि पुलिस ने इसे शिनाख्त परेड का हिस्सा बताया है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश निवासी कंपनी कर्मचारी सूरज ने शिकायत दर्ज कराई थी। सूरज जलियावास में किराये पर रहता है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसने बताया कि वह घर जाने के लिए कंपनी के बाहर खड़ा था। 

इसी दौरान एक वेन्यू कार उसके पास आकर रुकी और उसमें सवार आरोपियों ने जबरन उसे कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी देकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया तथा पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से 24 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। 

वारदात के बाद आरोपी उसे काफी देर तक विभिन्न स्थानों पर घुमाते रहे और बाद में बावल क्षेत्र के एक गांव के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बालिग आरोपियों में तिहाड़ा निवासी मोहित के खिलाफ एक तथा बावल निवासी कमल के खिलाफ लूट और शस्त्र अधिनियम सहित आठ मामले पहले से दर्ज हैं।

 पुलिस को शुक्रवार देर शाम आसलवास फ्लाईओवर के पास आरोपियों के होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी कार छोड़कर भागने लगे। इस दौरान मोहित भागते समय एक गड्ढे में गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

मोहित से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह की अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सके।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static