Road Accident : तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से युवक ने मौके पर तोड़ा दम, रिश्तेदारों के साथ वृंदावन जा रहा था

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 08:34 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र-कर्नाल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान नरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था और बिल्डिंग ठेकेदारी का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार वह अपने रिश्तेदार सूरज शर्मा व अन्य परिजनों के साथ दो बाइकों पर खड़ग से वृंदावन जा रहा था। नरेंद्र अपनी बाइक पर सबसे आगे चल रहा था।

बताया गया कि कुरुक्षेत्र से करनाल की ओर हाईवे पर पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले दूसरी बाइक को ओवरटेक किया और फिर नरेंद्र की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र सड़क पर जा गिरा। उसका हेलमेट दूर जा गिरा और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कंटेनर चालक कुछ देर तक मौके पर रुका, लेकिन वाहन से नीचे नहीं उतरा। इसके बाद वह कंटेनर को सर्विस रोड की ओर ले जाकर करनाल की दिशा में फरार हो गया।

घायल नरेंद्र को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस कंटेनर नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static