रोहतक में गर्दन कटी लाश मामला : 5 साल पुरानी रंजिश के चलते की थी युवक की हत्या, मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 08:43 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिले के इस्माइला गांव में 26 वर्षीय नीरज की बेरहमी से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि हत्या के पीछे 5 साल पहले प्रॉपर्टी विवाद में पिता को चोट मारने का बदला लेने के लिए यह हत्या की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सचिन अपने पिता को लगी चोट का बदला लेना चाहता था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नीरज की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 14 जून की रात नीरज को गांव के वाटर वर्क्स परिसर में पहले शराब पिलाई गई। शराब के नशे और बेहोशी की हालत में पहुंचने के बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
डीएसपी के अनुसार, नीरज की हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई। आरोपियों ने कस्सी से उसका गला काटकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए। अगले दिन वाटर वर्क्स के पास युवक का शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर सांपला थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी रविंद्र और जतिन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं हत्या का मुख्य आरोपी सचिन अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)