''स्वामी जी'' की पीड़ा: भाजपा छोडऩे के 24 घंटे में ही छिन गई सिक्योरिटी (VIDEO)

punjabkesari.in Tuesday, Jan 08, 2019 - 11:48 PM (IST)

गोहाना(सुनील): महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी जसमेर कल्याणकारी से केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दी गई, स्पेशल सिक्योरिटी को वापस ले लिया गया है। भाजपा छोड़ कर जजपा में शामिल होने के 24 घंटे में उनके दोनों गनमैन वापस बुला लिए गए। महामंडलेश्वर ने कहा कि बिहार के चर्चित डॉन शहाबुद्दीन से उनकी जान को खतरा पूर्ववत बना हुआ है।

स्वामी जसमेर कल्याणकारी को महामंडलेश्वर की उपाधि विश्व धर्म संसद ने वर्ष 2006 में दी थी। वह देशवाल खाप की राष्ट्रीय संचालन समिति के संरक्षक हैं और कबीरपंथी कल्याणकारी मिशन के अध्यक्ष हैं, जिसकी शाखाएं पूरे देश में फैली हैं। स्वामी जी प्रचार के लिए वह समय-समय पर विभिन्न प्रांतों में भ्रमण करते हैं।

उन्होंने बताया कि इसी मिशन का आश्रम इस समय बिहार के सीवान में निर्माणाधीन हैं। सीवान के सांसद ओम प्रकाश महामंडलेश्वर के शिष्य हैं। बिहार का डॉन शहाबुद्दीन उसी इलाके का है, जिससे उन्हें जान को खतरा है। स्वामी जसमेर कल्याणकारी को केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने स्पेशल सिक्योरिटी फरवरी 2018 में प्रदान की थी, जब कि वह भाजपा में विधिवत रूप से 24 जून 2018 को सम्मिलित हुए थे।

PunjabKesari

उन्होंने बताया कि उनके भाजपा के शीर्ष नेताओं से गहरे सम्बन्ध रहे तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित विभिन्न भाजपा दिग्गज समय-समय पर उनके गोहाना में खेड़ी दमकन गांव स्थित आश्रम पर भी आए। 2 दिन पहले रविवार को हिसार के सांसद दुष्यन्त चौटाला महामंडलेश्वर के खेड़ी दमकन आश्रम पर पहुंचे, जहां स्वामी भाजपा छोड़ कर जजपा में शामिल हो गए। पूरे 24 घंटे महामंडलेश्वर की सुरक्षा में गनमैन तैनात रहते थे। लेकिन सोमवार को दोनों गनमैन वापस बुला लिए गए।

इसका खुलासा मंगलवार को स्वामी जसमेर कल्याणकारी ने स्वयं किया। उन्होंने दावा किया कि उनको सुरक्षा एजेंसियों के अनुमोदन पर स्पेशल सिक्योरिटी केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी जान को खतरा देखते हुए मुहैया करवाई थी तथा उस समय वह भाजपा में भी नहीं थे। उन्होंने सुरक्षा छीने जाने को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया तथा जांच की मांग की कि किस के आदेश से उनकी सुरक्षा वापस हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static