तीन दिन बाद भी 6 शवों को परिजनों का इंतजार, एक का हुआ पोस्टमार्टम
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 09:56 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सिग्नेचर ग्लोबल साइट पर मिट्टी धंसने की घटना में मृत सात में से छह श्रमिकों के शवों का तीसरे दिन भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मंगलवार को भरतपुर के रहने वाले एक श्रमिक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया था। वहीं अन्य श्रमिकों के शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाए गए हैं। सभी झारखंड के रहने वाले थे। कुछ के परिवार के लोग मंगलवार शाम तक शहर पहुंचे। वहीं कुछ के परिवार वाले रास्ते में हैं। ऐसे में बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सके। गुरुवार को बिलासपुर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। दूसरी ओर यह भी पता चला है कि जहां एसटीपी के लिए गड्ढा खोदा गया था, वहां नीचे स्लेब डालकर सरिया लगाई गई थी। मिट्टी में दबे कुछ श्रमिकों के शरीर में सरिया लगने की बात भी सामने आ रही है। पोस्टमार्टम में इसकी जानकारी सामने आ सकती है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
प्रोजेक्ट मैनेजर और स्ट्रक्चर इंजीनियर को भेजा जेल
वहीं, पुलिस की ओर से मंगलवार शाम गिरफ्तार किए गए प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश वीर और स्ट्रक्चर इंजीनियर विकास पांडेय को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इन दोनों से मामले के बारे में पूछताछ की गई थी। यह भी पूछा गया था कि हादसा कैसे हुआ। बिलासपुर थाना पुलिस ने मामले में सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी, एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य करने वाली बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी, ठेकेदार दीनदयाल शर्मा उर्फ डीडी शर्मा, प्रोजेक्ट इंचार्ज दिनेश वीर, साइट स्ट्रक्चर इंचार्ज विकास पांडे व सेफ्टी इंचार्ज आफिसर पर गैर इरादतन हत्या, सुरक्षा में लापरवाही समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। एसीपी पटौदी योगेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही और भी गिरफ्तारियां की जाएंगी। फिलहाल कंपनी के प्रतिनिधियों और परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही है।