अब राशन डिपो में मिलेगा साबुन, तेल, झाड़ू व अगरबत्ती

punjabkesari.in Sunday, Jun 16, 2019 - 05:29 PM (IST)

जींद (मलिक): जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के राशन डिपो पर अब राशन के अलावा साबुन, तेल, झाडू़, अगरबत्ती जैसा दैनिक उपयोग का सामान भी मिलना शुरू हो जाएगा। इसके तहत प्रदेश सरकार ने पायलट प्रोजैक्ट के तौर पर जींद जिले के 5 डिपो का चयन किया गया है। इन चयनित डिपो पर सबसे पहले यह दैनिक उपयोग का यह सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। अगर यहां से इसे अच्छा रिस्पांस मिला तो फिर उसके बाद जिले के सभी डिपो पर यह सामान उपलब्ध करवा दिया जाएगा। 

प्रदेश सरकार के आदेश पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग उपभोक्ताओं को निरंतर मिलने वाले राशन के साथ-साथ अब अलग से कई नई वस्तुएं सस्ते दामों पर उपलब्ध करवाने की योजना पर विचार कर रहा है। इस योजना के तहत दैनिक उपयोग की वस्तुओं साबुन, झाडू, तेल, अगरबत्ती आदि को राशन डिपो पर उपलब्ध करवाया जाएगा। यह सभी प्रोडक्ट सस्ते तो होंगे ही, साथ ही इनमें गुणवत्ता भी पूरी होगी। सभी प्रोडक्ट्स खादी के होंगे। फिलहाल राशन डिपो में केवल गेहूं, बाजरा, तेल और चीनी मिल रही है।

इस योजना का एक लक्ष्य तो उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध करवाना है और दूसरा डिपो धारक की आॢथक स्थिति को भी काम बढ़ाकर सुधारना है। इस योजना के शुरू होने से एक तो लोगों को सस्ते दामों पर गांव के ही डिपो पर दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं उपलब्ध होंगी, दूसरे यह सारा प्रोडक्ट खादी का होगा। खादी के प्रति लोगों का रूझान कम हो रहा है, इसको बढ़ावा मिलेगा। इसमें एक विशेष बात यह है कि खादी की इन वस्तुओं को डिपो से कार्ड धारक के अतिरिक्त अन्य व्यक्ति भी खरीद कर सकेंगे। 

 जिले में कुल 585 डिपो होल्डर 
 जिले में कुल 585 डिपो होल्डर हैं। इन 585 डिपो होल्डर में 65580 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें एस.बी.पी.एल. के 34471 कार्ड धारक, सी.बी.पी.एल. के 12782 कार्ड धारक और ए.ए.वाई. के 18327 कार्ड धारक हैं। सरकारी दुकानों के माध्यम से स्टेट बी.पी.एल., केंद्रीय बी.पी.एल. और ए.ए.वाई. परिवारों को इस समय चीनी, सरसो का तेल, गेहूं, बाजरा आदि दिए जा रहे हैं। 

अगर लोगों का रिस्पांस मिला अच्छा तो सभी डिपो में होगी योजना लागू 
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश आर्य ने कहा कि मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार जींद जिल के उन 5 डिपो के नाम भेज दिए गए हैं, जिन डिपो पर राशन कार्ड होल्डरों की संख्या 600 से ज्यादा है। इन 5 डिपो पर योजना को पायलट प्रोजैक्ट के तौर पर शुरू किया जाएगा। इन डिपो से सामान खरीदने को लेकर लोगों का क्या रूझान रहेगा और सामान की गुणवत्ता को लेकर लोगों के क्या फीडबैक रहेंगे, इसकी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजी जाएगी। मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार ही सभी डिपो पर यह सामान उपलब्ध करवा दिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static