यमुनानगर में बेजुबान जानवरों पर कहर, तेज रफ्तार वाहन ने 10 भैंसों को बुरी तरह कुचला, 4 की मौके पर मौत

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 11:48 AM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। ताहरपुर-इब्राहिमपुर रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 10 भैंसों को बुरी तरह कुचल दिया। इस हादसे में 4 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हैं। 

भैंस मालिक का दावा है कि उसे करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कई भैंसें गर्भवती भी थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल वाहन की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन भैंस मालिक को आशंका है कि किसी तेज रफ्तार ट्रक ने इस हादसे को अंजाम दिया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इब्राहिमपुर-ताहरपुर रोड पर यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी यहां कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर बार-बार हादसों के लिए बदनाम हो चुके इस मार्ग पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम कब होंगे? और कब तक तेज रफ्तार का यह कहर बेजुबान जानवरों और इंसानी जिंदगियों पर भारी पड़ता रहेगा? 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static