चुनाव की आहट के साथ हरियाणा में बढ़ने लगा कांग्रेस का कुनबा, अब सेवानिवृत्त IPS सुभाष यादव ने ज्वाइन की पार्टी

punjabkesari.in Saturday, Dec 09, 2023 - 08:41 AM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा) : जैसे-जैसे हरियाणा में चुनाव का समय नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे ही हरियाणा में कांग्रेस का कुनबा अब लगातार बढ़ता जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा एवं तोशाम की विधायक किरण चौधरी के नेतृत्व में शुक्रवार को सेवानिवृत्त आई.पी.एस. अधिकारी सुभाष यादव कांग्रेस में शामिल हुए। इससे पहले शाहबाद के पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, कर्नाटक व मध्यप्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला की अगुवाई में कांग्रेस में वापसी की थी। समाजसेवी श्वेता ढुल ने भी पिछले दिनों सुरजेवाला के नेतृत्व में कांग्रेस का हाथ थामा था। धंतौड़ी 2009 में कांग्रेस की टिकट पर शाहबाद से विधायक चुने गए थे। कुछ समय पहले वे भाजपा में शामिल हो गए थे और इस साल जून में भाजपा को अलविदा कह दिया था।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अगले साल संसदीय चुनावों के अलावा विधानसभा के भी चुनाव होने हैं। इन चुनावों को लेकर तमाम राजनीतिक दल पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। हरियाणा की सियासत में कांग्रेस के बड़े सियासी चेहरों कुमारी सैलजा, रणदीप सुर्जेवाला व किरण चौधरी के प्रयासों की बदौलत कांग्रेस का कुनबा भी लगातार बढ़ रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार को पूर्व आई.पी.एस. अधिकारी सुभाष यादव कुमारी सैलजा व किरण चौधरी के नेतृत्व में कांगे्रस में शामिल हुए। सुभाष यादव रोहतक, भिवानी, मेवात, हिसार व सिरसा जिला में पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। वे करनाल व फरीदाबाद रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रहने के अलावा ए.डी.जी.पी. के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 


कुमारी सैलजा ने कांग्रेस में किया स्वागत

सुभाष यादव के कांग्रेस में शामिल होने पर कुमारी सैलजा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘महेंद्रगढ़ के रहने वाले रिटायर्ड आई.पी.एस. सुभाष यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं कांग्रेस की विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। हर्षोल्लास के साथ आपका कांग्रेस परिवार में स्वागत करती हूं एवं आशा करती हूं कि आप अपने अनुभवों के माध्यम से जन सेवा का कार्य पूर्ण कुशलता के साथ करेंगे।’ 

वहीं सियासी विशेषकों का कहना है कि सुभाष यादव महेंद्रगढ़ जिला की अटेली विधानसभा सीट पर पिछले काफी समय से सक्रिय हैं और यहां से चुनाव लड़ने के भी चाहवान हैं। इसी तरह से समाजसेवी श्वेता ढुल पिछले काफी समय से युवाओं के अधिकारों की आवाज उठा रही हैं। वे पिछले लंबे समय से कलायत विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और वे भी यहां से चुनाव लडऩे की इच्छुक हैं। इसी तरह से 2009 में शाहबाद से विधायक रह चुके अनिल धंतौड़ी भी एक बार फिर से अपने पुराने निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लडऩा चाहते हैं।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static