अब इलाज के लिए नहीं भागना पड़ेगा दिल्ली! हरियाणा के हर जिले में बनेंगे सुपर-स्पेशलिटी ब्लॉक...जानें क्या है सरकार का प्लान

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 01:33 PM (IST)

अंबाला(अमन): हरियाणा सरकार लोगो को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए अलग अलग काम कर रही हैं उसी कड़ी में नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी को 100 बेड से बढ़ाकर 200 बेड का किए जाने के बाद अस्पताल में अतिरिक्त मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है। अस्पताल के डीएमएस डॉ. विनय गोयल ने बताया कि अपग्रेडेशन के लिए निर्धारित मैनपावर और आवश्यक मशीनें अस्पताल को मिल चुकी हैं, जबकि अतिरिक्त बेडों को समायोजित करने के लिए नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य जारी है।

जानकारी देते हुए डॉ. गोयल ने बताया कि करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड का नया ब्लॉक बनाया जा रहा है। कानूनी पेचीदगियों के कारण परियोजना में कुछ समय देरी हुई, लेकिन री-टेंडरिंग के बाद अब निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही बिल्डिंग पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इसी भवन में केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह ब्लॉक गंभीर और संक्रामक बीमारियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कोरोना महामारी के दौरान ऐसी स्वास्थ्य आपदाओं से निपटने के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत महसूस हुई थी। डॉ. गोयल ने कहा कि वर्तमान में एच1एन1 जैसे संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं, ऐसे में क्रिटिकल केयर सुविधाएं बेहद उपयोगी साबित होंगी। 

उन्होंने इस परियोजना के लिए हरियाणा के मंत्री अनिल विज के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। डॉ. गोयल ने कहा कि कभी छोटा अस्पताल रहा नागरिक अस्पताल अब बड़े रेफरल सेंटर के रूप में विकसित हो चुका है। अस्पताल परिसर में सीटी स्कैन, एमआरआई, डायलिसिस, इंटरवेंशन हार्ट सेंटर सहित कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा टर्शियरी केयर स्तर का कैंसर अस्पताल भी परिसर में संचालित हो रहा है। 

यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और ऑन्को सर्जरी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं भी मरीजों को मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जिला स्तरीय अत्याधुनिक लैब और ब्लड बैंक के साथ ब्लड कंपोनेंट बनाने की सुविधा भी उपलब्ध है। पीईटी स्कैन सेंटर का प्रस्ताव भी अंतिम चरण में है और जल्द इसका निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। डॉ. गोयल ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध कई स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों को निशुल्क या बेहद कम लागत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static