चरित्र पर शक होने पर व्यक्ति ने की पत्नी की हत्या, सब्जी काटने वाले चाकू से किया हमला

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:21 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): भांगरौला गांव में व्यक्ति ने अपनी पत्नी की सब्जी काटने वाले चाकू से तीन बार हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गौरव ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए तीन दिन पहले ही योजना तैयार कर ली थी। चरित्र पर शक के चलते उसने न केवल अपनी पत्नी की जान ली, बल्कि बच्चों को भी साजिश के तीन पहले अपने पिता के पास छोड़कर आया था।  

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

35 वर्षीय मृतका रेखा के परिजनों ने बताया कि आरोपी गौरव ने बड़ी चालाकी से वारदात से तीन दिन पहले अपने 14 साल की बेटी और 11 साल के बेटे को उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित अपने पैतृक गांव छोड़ दिया था। बुधवार तड़के करीब चार बजे जब गौरव अपनी कंपनी की ड्यूटी से लौटा, तो उसने रेखा से झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि गौरव ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से रेखा के चेहरे और गर्दन पर ताबड़तोड़ तीन गहरे वार किए।

 

हमले के बाद रेखा खून से लथपथ हालत में अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर की ओर भागी। वह गली नंबर पांच से गली नंबर-चार की तरफ दौड़ रही थी, जहां उसके नाना का घर था। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मिले खून के निशानों से पता चलता है कि रेखा करीब 100 मीटर तक संघर्ष करती रही, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण वह सड़क किनारे गिर गई और वहीं उसकी मौत हो गई।

 

रेखा के मौसेरे भाई सुमित ने बताया कि गौरव पहले भी हिंसक वारदातों को अंजाम दे चुका है। साल 2014 में जब परिवार यूपी में रहता था, तब गौरव ने रेखा और उसके मासूम बच्चे को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा था, जिसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पिछले कुछ सालों से दोनों गुरुग्राम में रहकर कंपनियों में काम कर रहे थे, लेकिन गौरव का शक और प्रताड़ना कम नहीं हुई।

 

खेड़की दौला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन पर गहरे जख्मों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है। रेखा के परिजन शव को लेकर बरेली रवाना हो गए हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News

static