किसानों की मौत की अब सरकार लगा रही कीमत: खर्ब

punjabkesari.in Thursday, Jun 08, 2017 - 03:15 PM (IST)

पानीपत:केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जनविरोधी सरकार है। देश के राष्ट्रपति को चाहिए कि वो केंद्र सहित सभी प्रदेशों की भाजपा सरकारों को भंग करके देश में राष्ट्रपति शासन लागू कर दें क्योंकि हालात यही रहे, तो पता नहीं देश के अन्नदाता कितने और किसानों की हत्या हो जाएगी। मध्यप्रदेश में गोली का शिकार हुए किसानों की मौत की सरकार अब कीमत लगा रही है। उसे इंसानी जान भी पैसे में बिकती दिखाई देने लगी है।

यह आरोप इनैलो के जिला प्रैस संयोजक शेरसिंह खर्ब ने जिला न्यायालय परिसर स्थित अपने कार्यालय में आयोजित वकीलों की बैठक में संबोधित करते हुए लगाएं। खर्ब ने कहा कि अच्छे दिनों का वायदा करने वाली भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। कभी कर्मचारियों को पुलिस से पिटवाया जाता है, तो भी स्वयं नेता भी मजबूरों की समस्या का समाधान करने की बजाय उन्हें ही नसीहत दे देते हैं। भाजपा के शासन में अपराधी बेखौफ होकर हत्या जैसी घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं तथा पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है। युवा को रोजगार देने के सपने दिखाने वाली भाजपा ने युवाओं को रोजगार की जगह अपराध के दलदल में धकेल दिया है। इसका ताजा उदाहरण हरियाणा जैसे शांत प्रदेश के ऐतिहासिक व धार्मिक शहर पानीपत में दिन-दिहाड़े वो भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी हत्या कर देना है। 

वहीं मध्यप्रदेश में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे देश के अन्नदाता किसानों पर गोलियां चलवाना भी वहां की तथा केंद्र सरकार की नासमझी जनविरोधी होने का ही प्रमाण है। खर्ब ने वकीलों से आग्रह किया कि वो भाजपा जनविरोधी नीतियों का व इनैलो का प्रचार-प्रसार करें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static