हरियाणा में बड़ा हादसा; अचानक गिरी शमशान घाट की दीवार, हादसे में 2 बच्चों समेत 3 की मौत

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2024 - 10:02 PM (IST)

गुड़गांव (पवन कुमार सेठी): हरियाणा के गुड़गांव में बड़ा हादसा पेश आया है। शनिवार शाम को गुड़गांव के मदनपुरी श्मशान घाट की दीवार अचानक गिर गई। जिस वक्त ये दीवार गिरी, तब वहां बच्चे और कुछ लोग भी मौजूद थे। दीवार गिरने से आधा दर्जन से ज्यादा लोग दब गए। जिसमें 2 बच्चों सहित 3 की मौत की हो गई। वहीं बाकियों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। वहीं, घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से मलबे को हटवाया और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। 

PunjabKesari

PunjabKesari

वहीं घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग दीवार के साथ गली में कुर्सियों पर बैठे हैं और अचानक दीवार गिर गई और वो नीचे दब गए। दीवार को गिरता देख वे कुर्सियों से उठ कर भागने का प्रयास करते हैं, लेकिन बच नहीं पाए। इसके बाद आसपास के लोग मलबे को हटाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मदनपुरी शमशान घाट की जो दीवार गिरी है उसके सहारे हजारों टन लकड़ियां रखी हुई थी। इन लकड़ियों के बोझ से यह दीवार टेढ़ी हो चुकी थी जिसे ठीक कराने के लिए लोगों ने कई बार शमशान घाट प्रबंधन को कहा था, लेकिन कुछ सुनवाई नहीं हुई। शनिवार शाम करीब छह बजकर 20 मिनट पर जब यहां कुछ लोग बैठे हुए थे तो अचानक दीवार गिर गई जिसके नीचे यह लोग दब गए। इसी दौरान यहां से गुजर रही सात साल की तान्या और 10 साल की खुशबू भी चपेट में आ गए जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद घर में मातम का माहौल है।

 

जिस शमशान घाट में यह घटना हुई उसी शमशान घाट से लगती ही अर्जुन नगर पुलिस चौकी की दीवार है। आवाज सुनकर पुलिसकर्मी भी चौकी से बाहर आए और राहत और बचाव कार्य में जुट गए। फिलहाल इस मामले में पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है। हालांकि चौकी इंचार्ज का कहना है कि मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि खुशबू अपने माता पिता की इकलौती संतान थी। शादी के बाद चार साल तक इलाज कराने और कई मंदिरों में मन्नत मांगने के बाद खुशबू का जन्म हुआ था और अब खुशबू की मौत से परिजन सदमें में हैं। वहीं तान्या भी तीन भाइयों की अकेली बहन बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने जेसीबी की मदद से शमशान घाट की लकड़ियों को अंदर की तरफ कर दिया है ताकि कोई दूसरा हादसा न हो सके। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Recommended News

Related News

static