सावधान! हरियाणा में गरज-चमक के साथ फिर होगी झमाझम बारिश, जानें IMD का नया अपडेट
punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2026 - 04:43 PM (IST)
भिवानी (अशोक भारद्वाज) : हरियाणा में बीते दो दिनों तक हुई बारिश के बाद अब मौसम वैज्ञानिकों ने 29 तारीख को फिर से हल्की चमक के साथ बरसात की भविष्यवाणी की है। यह बरसात आगामी 30 जनवरी से दो फरवरी तक भी होने की बात मौसम वैज्ञानिकों ने कही है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान जो इन दिनों 5 से 6 डिग्री चल रहा है, उसमें आने वाले दिनों में बढ़ोत्तरी होकर 10 डिग्री तक चला जाएगा तथा दिन में अधिकत्तम तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोत्तरी की बात कही है। हालही में हुई बरसात को लेकर कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बरसात गेहूं, सरसो के लिए बहुत फायदेमंद है। हालांकि कुछ जगह ओलावृष्टि की सूचना है। इससे जरूर सरसो व चने को हल्का नुकसान हुआ है।
भिवानी के कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ डा. देवीलाल ने कहा कि जहां प्रदेश में 2 से 4 मिलीमीटर बरसात हुई है। वही भिवानी जैसे राजस्थान के साथ सटे जिले में 4 से 5 मिलीलीटर बरसात हुई है। यह बरसात सरसों व गेहूं के लिए फायदेमंद है। भिवानी ऐसा जिला है, जहां कुछ क्षेत्र बारानी है तथा कुछ सिंचित है। ऐसे में भिवानी जिला में 4 से 5 मिलीमीटर बरसात का फसलों को फायदा हुआ है। इससे जहां गेहूं में बढ़वार होगी।
वहीं सरसों की फसल में फलियां बनने का समय है। सरसों की फसल में फूल बनने का समय निकल चुका है। ऐसे में फलियां बनते समय बारिश का पानी मिलने से सरसों की फसल का विकास होगा तथा उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि न्यूततम-अधिकत्तम तापमान में भी आने वाले दिनों में बढ़ोत्तरी होगी तथा हल्की चमक के साथ आगामी 2 फरवरी तक हल्की बरसात होने की संभावना है। किसान घन सिंह ने इस बरसात को लेकर कहा कि इस बरसात का फसलों को जरूर फायदा है। हालांकि हल्की ओलावृष्टि से सरसों की फसल को कही-कही नुकसान हुआ है। इससे उनकी सिंचाई में होने वाला खर्चा बचा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)