बैंकॉक में चमकी हरियाणा की बेटी, कराटे में जीता गोल्ड मेडल...पहले भी 2 देशों में लहरा चुकी है परचम
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 06:00 PM (IST)
बराड़ा (अनिल शर्मा) : आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं और भारत की बेटियोंं का डंका पूरे विश्व में गूंज रहा है। बराड़ा के समीपव्रती गांव फरीदपुर की नन्ही बेटी अनंतप्रीत कौर ने भी बैंकॉक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कराटे में गोल्ड मैडल जीता है। आज उसके गांव फरीदपुर में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसका भव्य स्वागत किया।
गांव फरीदपुर की यह नन्ही खिलाड़ी अनंतप्रीत कौर कई साल से विदेशों में भारत का परचम लहरा रही है। बैंकॉक में 6 जून से आयोजित तीन दिवसीय वर्ल्ड कराटे मीट में विभिन्न देशों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। जिसमें अनंतप्रीत ने मलेशिया की टीम को हराकर गोल्ड मैडल हासिल किया। आज उसके पिता हरप्रीत सिंह, मां पवनप्रीत कौर, बहन सुखमन व अन्य उसे लेकर गांव में पहुंचे। जहां गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव के मुख्य द्वारा से ढोल-पटाखों के साथ अनंतप्रीत को भारी संख्या में लोग गुरूद्वरा साहिब लेकर पहुंचे। रास्ते में ग्रामीणों ने उसका स्वागत किया, मानो पूरा गांव इस बच्ची पर गर्व महसूस कर रहा हो।
गांव के गुरूद्वारा साहिब में पहुंचने पर भारी संख्या में लोगों ने अनंतप्रीत का हार पहनाकर स्वागत किया। गुरूद्वारा साहिब के ग्रंथी भूपिन्द्र सिंह मुल्तानी ने उसके गोल्ड मेडल जीतने पर खुशी जताते हुए अरदास की और सिरोपा पहनाकर स्वागत किया। अनंतप्रीत के पिता हरप्रीत सिंह किसान हैं और मां गृहणी हैं जबकि बड़ी बहन सुखमन शेरगिल 11वीं कक्षा में पढ़ती है। हरप्रीत और पवनप्रीत ने कहा कि उन्हें अपनी बेटियों पर गर्व है। अनंतप्रीत ने दुनियाभर में उनका ही नहीं बल्कि गांव, जिले और देश का नाम चमकाया है। वहीं अनंतप्रीत ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच संजीव कुमार और माता-पिता को दिया। उसने कहा कि उसका सपना है कि वह ओलंपिक में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाए। आज जिस प्रकार उनके गांव वालों और परिजनों ने स्वागत किया है, वह इसके लिए उम्र भर ऋणी रहेंगी।
पहले भी दो देशों में लहरा चुकी है परचम
कराटे कोच संजीव कुमार ने कहा कि कक्षा 6 में पढ़ने वाली अनंतप्रीत कौर शुरू से ही कराटे में रूचि रखती है और देश-विदेश में विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी है। इससे पहले वह नेपाल और भूटान में कराटे प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीत चुकी है। अब उसने बैंकॉक में गोल्ड जीता है। संजीव कुमार ने कहा कि अन्य युवाओं को भी उससे प्रेरणा लेनी चाहिए। यदि नशा करना है तो खेलों का करें। जिसमें नाम भी होगा और भविष्य भी उज्जवल होगा। इस अवसर पर सुरेन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह, मान सिंह, सरबजीत सिंह, मनमोहन सिंह, दलजीत सिंह, अशोक सांगवान समेत भारी संख्या में लोगों ने गर्व महसूस करते हुए कहा कि अनंतप्रीत ने दुनिया भर में उनके गांव का नाम रोशन किया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)