रोजी-रोटी कमाने निकले थे, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी, 2 भाइयों की मौत से परिवार में मातम

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:04 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में बपदी रोड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट स्कूल बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बस में सवार सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मृतकों की पहचान जय लाल (52) और लाल सिंह (56) निवासी गांव शेरगढ़, जिला करनाल के रूप में हुई है। दोनों भाई दिहाड़ी मजदूरी करते थे और शुक्रवार को लाडवा में घर का राशन लेने आए थे। राशन लेकर दोनों अपनी बाइक पर वापस गांव लौट रहे थे।

परिजनों के अनुसार जब दोनों बपदी रोड के पास पहुंचे तो सुगनी देवी आर्य कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लाडवा के डीएसपी निर्मल सिंह और थाना प्रभारी गुरनाम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)            

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static