ट्रक बैक करा रहा था हेल्पर, ड्राइवर ने पलट दी बजरी, हेल्पर की दबने से हुई मौत
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 11:05 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-113 में एक ट्रक चालक की घोर लापरवाही के कारण 16 वर्षीय मासूम हेल्पर की बजरीके नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तरप्रदेश के बरेली का रहने वाला था। इस संबंध में बजघेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मृतक के पिता दुर्गा प्रसाद मौर्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा प्रियांशु एक ट्रक पर हेल्पर का काम करता था। दो जुलाई की मध्यरात्रि करीब 12:40 बजे (वह चालक के साथ रेता-बजरी से भरा ट्रक खाली करने सेक्टर-113 स्थित एक स्टॉक पर गया था। वहां पहुंचकर चालक ने प्रियांशु को ट्रक का डाला खोलने के लिए नीचे उतारा। जैसे ही प्रियांशु ने डाला खोला, अचानक बजरी का एक बड़ा हिस्सा उसके पैरों पर गिर गया, जिससे वह वहीं फंस गया। प्रियांशु ने खुद को बचाने के लिए चालक को कई बार जोर-जोर से आवाज लगाई, लेकिन चालक ने उसकी चीखें अनसुनी कर दीं और बिना पीछे देखे ट्रक का प्रेशर उठा दिया। पलक झपकते ही बजरी प्रियांशु के ऊपर आ गिरी और वह पूरी तरह उसके नीचे दब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सेक्टर-113 चिंटेल नाका के पास मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बजरी में दबे प्रियांशु को बाहर निकाला और तुरंत पालम विहार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पिता ने पुलिस से कहा कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि चालक की घोर लापरवाही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रक चालक के खिलाफ उचित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।