रोडरेज में ट्रैक्सी ड्राइवर ने की ऑटो चालक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 06:54 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): सड़क पर साइड लेने को लेकर हुए विवाद में ऑटो चालक और ट्रैक्सी ड्राइवर के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि टैक्सी ड्राइवर ने लोहे की रॉड मारकर ऑटो चालक की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी टैक्सी ड्राइवर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दलीप (उम्र-32 वर्ष) निवासी विजय नगर, मोहन गार्डन, उत्तम-नगर, पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह टैक्सी चलाने का काम करता है। 27 जुलाई की रात को समय करीब 8 बजे सड़क पर साइड लेने को लेकर आरोपी का ऑटो-चालक (अरविन्द) के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान इसने ऑटो चालक के सिर में रॉड से चोट मार दी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। मामले में पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से लोहे की रॉड व कार भी बरामद कर ली है।

 

आपको बता दें कि 27 जुलाई को उद्योग विहार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पीपल चौक उद्योग विहार के पास एक ऑटो चालक व एक टैक्सी चालक का आपस में झगड़ा हो गया है। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो घटनास्थल पर घायल व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद आज अस्पताल से पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि अरविन्द नामक व्यक्ति घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ था जिसकी मृत्यु हो गई है। अस्पताल पहुंची पुलिस को मृतक के भाई ने बताया कि इसका भाई अरविन्द (उम्र-32 वर्ष) निवासी गांव तौली, रायबरेली, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी झाड़सा जो ऑटो रिक्शा चलाता था। 27 जुलाई को इसको सूचना मिली कि इसके भाई का पीपल चौक के पास झगड़ा हो गया है। सूचना पाकर यह पीपल चौक पहुंचा तो इसको ज्ञात हुआ कि इसके भाई को झगड़े में चोट लगी है और उसको ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा चुका है।

 

जब यह अस्पताल पहुंचा तो इसका भाई होश में था, जिसने इसको बतलाया कि एक गाड़ी चालक के साथ साइड दबाने को लेकर इसका झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान उस गाड़ी चालक ने इसके सिर पर रॉड मारी तथा जान से मारने की धमकी देकर चला गया। झगड़े में लगी चोटों के कारण ईलाज के दौरान इसके भाई की मृत्यु हो गई। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static