Dwarka Expressway पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 07:56 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): द्वारका एक्सप्रेसवे पर बजघेड़ा एग्जिट के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग के गोले में बदल गया। केबिन से धुआं निकलता देखकर चालक ने समय रहते ट्रक रोककर नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, जबकि ट्रक और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटे करीब आधा किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के अनुसार, ट्रक दिल्ली की ओर से आ रहा था। बजघेड़ा एग्जिट के पास पहुंचते ही उसके केबिन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत वाहन की रफ्तार कम की और सड़क किनारे रोकने का प्रयास किया। ट्रक रुकते ही वह बाहर निकल गया। इसके कुछ ही देर बाद इंजन से तेज लपटें उठने लगीं और आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर विभाग को दी। सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक ट्रक और उसमें रखा सामान जल चुका था।
ट्रक में आग लगने और दमकल की गाड़ियों के मौके पर पहुंचने के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को सर्विस लेन से निकाला गया। आग बुझने के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।