शादी समारोह में हुई दोस्ती, फिर प्लान बनाकर फर्जी दस्तावेज कराए तैयार और कर लिया जमीन पर कब्जा
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 08:18 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एक खाली पड़े प्लॉट पर लैब संचालक और उसके ट्रैक्टर ट्रॉली चलाने वाले दोस्त ने कब्जा करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। अभी वह इस प्लॉट को किसी को बेच पाते कि आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एक शादी समारोह के दौरान दोनों आरोपियों की दोस्ती हुई और दोनों ने पूरी योजना बनाकर इस धोखाधड़ी को अमलीजामा पहना दिया। आरोपियों की पहचान जितेन्द्र (उम्र-38 वर्ष) निवासी गांव गोच्छी, बेरी, जिला झज्जर व अनूप (उम्र-42 वर्ष) निवासी गांव दौलताबाद, राजेंद्रा पार्क, गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस ने जितेन्द्र को दौलताबाद से 30 जनवरी को गिरफ्तार किया। आरोपी जितेंद्र को 31 जनवरी को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया जिसके बाद पुलिस ने आरोपी अनूप को 1 फरवरी को गांव धर्मपुर से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी अनूप ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा मिट्टी डालने का काम करता है और आरोपी जितेंद्र ने रोहतक में पहले लैब कर रखी थी, जिसमें इसे नुकसान हो गया था और अब यह (आरोपी जितेन्द्र) कोई काम नहीं करता। इसी दौरान एक शादी में इन दोनों (उपरोक्त दोनों आरोपी) की मुलाकात हुई और ये दोस्त बन गए। आरोपी अनूप यह जानता था कि उक्त प्लॉट का मालिक बहुत समय से प्लॉट पर नही आया है, अनूप ने यह जानकारी अपने साथी आरोपी जितेन्द्र ले साथ सांझा की, फिर इन दोनों ने प्लॉट पर कब्जा करने फिर फर्जी दस्तावेज बनाकर प्लॉट को अपने नाम करवाने की योजना बनाई। योजनानुसार इन्होंने उक्त प्लॉट पर कब्जा कर लिया था और ये फर्जी कागजात तैयार करके अपने नाम कराने की फिराक में थे।
आपको बता दें कि 10 जनवरी को एक महिला ने थाना बजघेड़ा पुलिस को शिकायत देकर बताया कि इसने वर्ष-2002 में इसने U-30 नजदीक कंसेंट मॉल सेक्टर-109 गुरुग्राम में एक प्लॉट खरीदा था। इसने अपने प्लॉट पर जाकर देखा तो प्लॉट में दो जेसीबी खड़ी हुई थी और नया गेट लगा हुआ, जबकि इसने अपने उक्त प्लॉट को कभी किसी को नहीं बेचा था। इसके प्लॉट पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करके फर्जी तरीके से इसके प्लॉट को नाम कराने को साजिश की गई है। पुलिस ने जांच के दौरान 16 जनवरी को संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।