खड़गे के बयान पर भड़के विज, बोले- लोकतंत्र का गला घोंटने वाले मोदी को बता रहे तानाशाह

punjabkesari.in Monday, Jan 09, 2023 - 10:40 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा के गृह मंत्री विज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को बोलने से पहले शीशे में अपनी शक्ल देख लेनी चाहिए कि वे स्वयं क्या हैं। विज ने कहा कि, ‘‘कांग्रेस क्या लोकतंत्र का पाठ पढ़ाएगी, जिन्होंने लोकतंत्र का न हाथ छोड़ा, न पैर छोड़ा, न आंख छोड़ी और न ही मुंह छोड़ा।’’ विज ने कहा कि कांग्रेस ने तो सब कुछ तोड़ दिया है। इसलिए ऐसे लोगों को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। 

 

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तानाशाही करने के आरोप लगाए थे। कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि जिस पार्टी की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी रही हो, जिसने सभी प्रजातांत्रिक अधिकारों को रौंदा हो और तमाम पार्टियों को दो-दो साल के लिए जेल में डाला हो। उस पार्टी के प्रधान को किसी और को तानाशाह कहने का कोई अधिकार नहीं है। 

 

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमने वह समय देखा है, जब लोग सांस लेते हुए भी डरते थे। आज खड़गे जी कह रहे हैं कि मोदी तानाशाह है। विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतंत्र के समर्थक हैं और यह बात सारा देश जानता है। कांग्रेस ने कई-कई चुनी सरकारों को ध्वस्त किया है। वहीं मोदी के काल में कई सरकारों के ऐसे-ऐसे कृत्य सामने आए कि उन्हें आगे चलने नहीं दिया जा सकता था, लेकिन एक भी चुनी हुई सरकार को मोदी जी ने कभी नहीं तोड़ा। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को बोलने से पहले शीशे में अपनी शक्ल देख लेनी चाहिए।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)     

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Related News

static