मंदिर के पीछे मिला सुपरवाइजर का लहुलूहान शव
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 01:50 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में कंठी माता मंदिर के पीछे वेयरहाउस के सुपरवाइजर का शव पड़ा मिलने से सनसनी मच गई। मृतक की पहचान विकास मिश्रा, निवासी शहनशापुर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विकास मिश्रा डाबोदा मोड़ स्थित एक वेयरहाउस में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वह फर्रुखनगर सरकारी अस्पताल के पास स्थित पुराने द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल की इमारत में रहता था। बताया गया है कि इस भवन को वेयरहाउस प्रबंधन ने किराए पर लिया हुआ था, जहां कंपनी के कर्मचारी रहते हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से शराब की खाली बोतल, गिलास और एक ईंट बरामद हुई है। ईंट पर खून के निशान मिले हैं। घटनास्थल की जमीन पर भी खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि विकास ने कुछ लोगों के साथ पहले शराब पी होगी और उसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान मारपीट में ईंट से हमला कर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया है कि जहां खून के निशान और ईंट मिली, वहां से करीब 50 फीट की दूरी पर विकास का शव बरामद हुआ। इससे पुलिस को आशंका है कि युवक के साथ पहले किसी अन्य स्थान पर मारपीट की गई और बाद में शव को दूसरी जगह लाकर फेंका गया। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने शव पड़ा देखकर तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं, मामले में पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के हत्थे एक भी ऐसा सुराग हाथ नहीं लगा है जिससे आरोपियों का पता लगाया जा सके और आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके।