अविवाहित युवती ने नवजात को सड़क पर फेंका, पुलिस ने किया काबू
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 09:10 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नवजात को सड़क किनारे फेंकने के आरोप में उसकी मां को सेक्टर-29 थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी मां को पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है। लोकलाज के डर से अविवाहित युवती ने अपने बच्चे को सड़क पर छोड़ दिया था। बच्चे को करीब एक महीने पहले गंभीर हालत सेक्टर-29 स्थित मैक्स अस्पताल में पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे एनआईसीयू में एडमिट कर लिया था। बच्चे की सांस नहीं चल रही थी और दिल की धड़कन भी महसूस नहीं हो रही थी। डॉक्टरों ने लगभग 30 मिनट तक लगातार एडवांस्ड नियोनेटल रिससिटेशन की प्रक्रिया जारी रखी और बच्चे को आखिरकार बचा लिया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
लंबे प्रयासों के बाद जब बच्चे ने पहली बार प्रतिक्रिया दी, तो उसे अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) में गहन निगरानी में रखा गया। कुछ समय बाद बच्चे की हालत में सुधार होने लगा। डॉक्टरों ने उसे नॉन-इनवेसिव रेस्पिरेटरी सपोर्ट पर रखा। इलाज के पांचवें दिन बच्चा बिना किसी मशीन की मदद के सामान्य रूप से सांस लेने लगा था। वही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से बच्चे की मां की पहचान की और उसे जांच में शामिल कर लिया।
बच्चे को दिया "बेबी मैक्स’ नाम
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बच्चे को "बेबी मैक्स’ नाम दिया। करीब एक महीने तक चले इलाज के बाद गत 10 मार्च को बच्चे का वजन बढ़कर 2.56 किलोग्राम हो गया और उसकी हालत पूरी तरह सामान्य हो गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को आगे की देखभाल के लिए सिविल अस्पताल में एडमिट कराया है। जहां बच्चा पूरी तरह स्वस्थ बताया गया है।