दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव लटकाने का आरोप, पति गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 11:44 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो) : नाहरपुर रूपा में 24 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। विवाहिता की पहचान बुलबुल उर्फ प्रिया के रूप में हुई। इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव नाहरपुर रूपा निवासी जगदीप (30) के रूप में हुई है। आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह गुरुग्राम में किसी बर्तन की दुकान पर काम करता है व आरोपी मृतक महिला बुलबुल का पति है। उपरोक्त आरोपी द्वारा मृतका बुलबुल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया, जिसके चलते बुलबुल ने आत्महत्या करने की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली बुलबुल की शादी करीब दो साल पहले नाहरपुर रूपा निवासी जगदीप के साथ हुई थी। उनका एक तीन महीने का छोटा बेटा भी है। मृतका के भाई राजकुमार निवासी सेक्टर-89 फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बुलबुल को कम दहेज लाने के ताने देते थे और आए दिन उसे प्रताड़ित किया जाता था। राजकुमार का आरोप है कि उनकी बहन ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि ससुराल वालों ने पहले उसकी हत्या की और फिर मामले को दबाने व सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसे फंदे पर लटका दिया। शनिवार को मौत की जानकारी मिलते ही फरीदाबाद से बड़ी संख्या में मृतका के परिजन नाहरपुर रूपा पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने मौत के बाद सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की ताकि यह एक साधारण आत्महत्या का मामला लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। जांच अधिकारी ने बताया कि पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।