बार प्रधान ने विधायक पर लगाए बदतमीजी और हाथापाई के आरोप

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 07:36 PM (IST)

नूंह, (ब्‍यूरो): जिला अदालत परिसर में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया जब कथित कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और मामला सियासी रंग में रंग गया। नूंह जिला बार एसोसिएशन के प्रधान मकसूद खान ने मामन खान, उनके भाई और शौकत उर्फ सहित अन्य लोगों पर बदतमीजी, धमकी और हाथापाई के गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया की मामन खान ने अपने साथ गुंडे पाल रखे हैं। जो आये दिन किसी न किसी के साथ हाथापाई और फेसबुक पर तरह तहर की पोस्ट करते हैं। मामन खान ने नूंह जिले में  कुंडागर्दी कर रखी है।  

 

इस संबंध में सिटी थाना नूंह में लिखित शिकायत भी दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बार प्रधान के अनुसार, दो नंबर कोर्ट के सामने किसी मुद्दे को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान विधायक के भाई और उनके साथ मौजूद व्यक्ति ने अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। उस समय उनके साथ दो-तीन अन्य वकील भी मौजूद थे, जिनके साथ भी कथित रूप से बदसलूकी की गई। खान ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर वकीलों को निशाना बनाकर ट्रोलिंग की जा रही है, जिससे अधिवक्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि अदालत परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना न केवल वकीलों की गरिमा पर सवाल उठाती है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी चिंतन का विषय है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

वहीं दूसरी ओर विधायक मामन खान का कहना है कि वे अपनी निर्धारित तारीख पर अदालत में पेश होने आए थे। बाहर निकलते समय कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो रही थी, जिसे उन्होंने शांत कराने का प्रयास किया और वहां से चले गए। बाद में उन्हें हाथापाई की सूचना मिली। कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

 

‘’फिलहाल थाना शहर नूंह पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।‘’ थाना शहर नूंह पुलिस


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static