कैब में लिफ्ट देकर महिला से नकदी व जेवरात लूटे
punjabkesari.in Wednesday, Mar 15, 2023 - 08:40 PM (IST)

गुडग़ांव, (ब्यूरो): फरुखनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को कैब में लिफ्ट देकर उससे नकदी व जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने चेकिंग के नाम पर महिला का बैग ले लिया और उसमें से गहने व नकदी गायब कर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।
गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पेलपा की रहने वाली सुमित्रा देवी ने कहा कि वह 14 मार्च को अपने भाई के घर पटौदी जा रही थी। उसे एक वैगनार कार ने लिफ्ट देकर बैठा लिया। जिसमें दो युवक बैठे हुए थे। पटौदी पहुंचने पर दोनों युवकों ने महिला से चेकिंग के नाम पर बैग ले लिया। महिला ने मना किया तो आरोपियों ने महिला को अपना बैग देते हुए झांसे में लेते हुए कहा कि यह आप संभाल लो इसमें गहने व नकदी है। बाद में आरोपियों ने महिला को उसका बैग भी दे दिया और कैब से उतार दिया। बाद में महिला ने जब बैग खोलकर देखा तो उसमें 100 रुपए व एक दर्जन केले थे। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसकी सोने की चेन, कुंडल, अंगूठी व 11 हजार रुपए नकद ले लिए और फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।