युवती को आठ महीने तक किया प्रताड़ित, सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर किया ब्लैकमेल

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 09:01 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): एक युवती को पिछले करीब आठ महीनों से फोन और सोशल मीडिया के जरिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न सिर्फ युवती की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर समाज में उसकी छवि खराब करने की कोशिश की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। साइबर क्राइम ईस्ट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, शिकायत में सेक्टर-45 की रहने वाली युवती ने बताया कि एक अक्टूबर 2025 से ही आरोपी अलग-अलग माध्यमों से उन्हें फोन करके मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। आरोपी ने पीड़िता के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बना ली और समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने लगा।

 

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था। जब पीड़िता ने उसकी हरकतों का विरोध किया, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पिछले आठ महीनों से लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी के डर से पीड़िता का जीना मुहाल हो गया था, जिसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस फोन नंबर से धमकी भरे कॉल आ रहे थे, उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाली जा रही है। साथ ही फर्जी आईडी बनाने में इस्तेमाल किए गए इंटरनेट आईपी एड्रेस को भी ट्रैक किया जा रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static