महिला का रास्ता रोककर छेड़छाड़, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 08:06 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एक महिला का रास्ता रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, छेड़छाड़ करने और विराेध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को नामजद करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में डीएलएफ फेज-3 की रहने वाली एक महिला ने बताया कि शनिवार 23 मई को वह किसी काम से सेक्टर 55 आई हुई थी। इसी दौरान बहरमपुर निवासी एक युवक ने बीच सड़क पर उनका रास्ता रोक लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने न सिर्फ उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि उनके साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ की वारदात को भी अंजाम दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना से सहमी पीड़िता ने रविवार को सेक्टर 56 थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहम मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसको गिरफ्तार किया जाएगा।