महिला को नशीला पदार्थ देकर रेप, वीडियाे बनाकर किया ब्लैकमेल, केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 09:00 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): एक शादीशुदा महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर रेप करने, अश्लील वीडियो बनाकर पिछले 16 महीनों से ब्लैकमेल करने और उसे आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी की प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने वीडियो कॉल पर ही खुद को आग लगा ली थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद होश में आने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद सोहना शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी महिला का दूरे के रिश्ते में भाई लगता है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से गुरुग्राम की रहने वाली पीड़िता एक निजी कंपनी में कार्यरत है। साल 2025 में एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात रेवाड़ी जिले के गांव बावल निवासी से हुई थी, जो रिश्ते में महिला का भाई लगता है। शादी के बाद फरवरी 2025 में आरोपी महिला की कंपनी के बाहर पहुंचा और जान-पहचान का हवाला देकर उसे बहला-फुसलाकर चाय पीने ले गया। आरोपी ने महिला की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया और बेहोशी की हालत में उसे सोहना के एक होटल में ले जाकर उसके साथ रेप किया। इस दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली।

 

होश में आने पर जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने और उसके पति व माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। बदनामी और डर के मारे महिला चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी पिछले 16 महीनों से लगातार उसे ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा। इस प्रताड़ना के बीच, सितंबर 2025 में महिला के पति का दिल का दौरा पड़ने से अचानक निधन हो गया, जिसके बाद महिला और उसकी तीन छोटी बेटियां पूरी तरह बेसहारा हो गईं। पति की मौत के बाद भी आरोपी की दरिंदगी कम नहीं हुई और वह महिला की मजबूरी का फायदा उठाता रहा।

 

गत चार जुलाई 2026 को आरोपी ने फोन पर महिला को फिर से गंभीर धमकियां दीं और उसे मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया। तनाव में आकर महिला ने आरोपी को वीडियो कॉल किया और उसके सामने ही आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद को आग लगा ली। रूह कंपा देने वाली बात यह है कि आरोपी वीडियो कॉल पर यह सब लाइव देखता रहा लेकिन उसने बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। घर में मौजूद महिला की छह वर्षीय बेटी के शोर मचाने पर ससुर व अन्य परिजन तुरंत कमरे में पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले गुरुग्राम के सिविल अस्पताल और बाद में पलवल के तुला अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी छाती और हाथ गंभीर रूप से झुलसने के कारण लंबा इलाज चला।

 

अस्पताल में शुरुआत में महिला ने अपनी इज्जत और डर के मारे पुलिस को दिए बयान में इसे एक सामान्य हादसा बताया था, लेकिन सात जुलाई को जब आरोपी के परिवार की ओर से पीड़िता के पिता को फोन आया, तब परिजनों के कड़ाई से पूछने पर महिला फूट-फूट कर रो पड़ी और 16 महीने के इस नरक की पूरी सच्चाई बयां कर दी। इसके बाद परिजनों को उस वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग के साक्ष्य भी मिले, जिसमें आरोपी इस खौफनाक वारदात को लाइव देख रहा था। 11 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static