शादी का झांसा देकर दो युवतियों से रेप, केस दर्ज
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 09:07 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): साइबर सिटी में शादी का झांसा देकर युवतियों का शारीरिक और मानसिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों ही मामलों में आरोपियों ने पीड़ित युवतियों को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में अपने वादे से मुकर गए। पुलिस ने दोनों पीड़िताओं की शिकायत पर गुरुग्राम के अलग-अलग थानों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शादी का वादा कर चार महीने तक किया दुष्कर्म
पहला मामला डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे अपनी बातों में फंसाया और शादी का झांसा दिया। आरोपी ने शादी का झूठा वादा करके आठ जनवरी से लेकर नौ मई तक डीएलएफ फेज-1 इलाके में पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने न केवल शादी करने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि पीड़िता को धोखा देते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी। 15 जुलाई 2026 को पीड़िता की शिकायत पर डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
होटल में ले जाकर बनाए संबंध
दूसरा मामला सेक्टर-53 थाना क्षेत्र का है। बादशाहपुर टिकली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी से उसकी कुछ समय पहले जान पहचान हुई थी। युवक ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाया। नौ जुलाई को आरोपी पीड़िता को सेक्टर-52 स्थित एक होटल में लेकर गया। वहां आरोपी ने शादी का पक्का भरोसा दिलाकर पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने शादी की बात आगे बढ़ानी चाही, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे छोड़ दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने सेक्टर-53 थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शिकायत पर अलग-अलग थानों में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।