पॉश एरिया में युवती से 8 महीने तक रेप, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 08:51 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साउथ सिटी-1 इलाके में एक युवती को शादी का झांसा देकर करीब आठ महीने तक शारीरिक शोषण किया गया। आरोपी ने न सिर्फ पीड़िता के साथ विश्वासघात किया, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौच की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में महिला थाना सेक्टर-51 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से नई दिल्ली की रहने वाली पीड़िता ने महिला थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान पवन नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसाया और शादी करने का वादा किया। शादी का झांसा देकर आरोपी बीते साल दो जुलाई 2025 से लेकर इस साल 13 मार्च 2026 तक गुरुग्राम के साउथ सिटी-1 में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो वह अपनी बात से मुकर गया। इसके बाद जब पीड़िता ने विरोध जताया, तो उसने पीड़िता के साथ जमकर गाली-गलौच की और किसी को भी इस बारे में बताने या पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की धमकियों से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने कानून का दरवाजा खटखटाया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।