बच्चियों के साथ आत्महत्या करने वाली महिला ने तोड़ा दम, ससुराल वालों ने किया था परेशान
punjabkesari.in Tuesday, Sep 13, 2022 - 04:07 PM (IST)

करनाल : करनाल जिले में घोघड़ीपुर नहर में महिला ने अपने दोनों बच्चों को नहर में फेंक दिया था, जिसके बाद महिला ने खुद भी नहर में छलांग लगा ली थी। आज उस महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं महिला की अश्लील वीडियो बनाने का आरोप जा रहा है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने मांग करते हुए कहा कि जब तक पुलिस प्रशासन की तरफ से उन्हें उचित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वह शव नहीं उठाएंगे।
मृतका के भाई मुकेश ने बताया था कि उसकी बहन शिवानी ने पति व ससुराल पक्ष से तंग आकर अपनी दो बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी थी, लेकिन ग्रामीणों की मदद से शिवानी व बेटियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था। मुकेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बहन ने 29 मार्च 2022 को पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत उस वक्त दर्ज की, जब वह वेंटिलेटर पर थी।
सिटी थाना के SHO कमलदीप ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन शव लेने के लिए राजी हो गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शव परिजनों को सौंप देगी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।