यौन शोषण के आरोप में फरार चल रहे यमुनानगर CMO की मौत, Death को डॉक्टरों ने किया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 09:41 AM (IST)

यमुनानगर/इस्माइलाबाद : यमुनानगर जिला नागरिक अस्पताल की महिला से यौन शोषण और जातिसूचक शब्द कहने के आरोपों में फरार चल रहे सिविल सर्जन (सी.एम.ओ.) डॉ. मंजीत सिंह (55) की सोमवार को कुरुक्षेत्र के फार्म हाऊस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी अनुसार फार्म हाऊस पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी जिसके बाद उन्हें - कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि इस मामले की जांच चलेगी,
चालान के साथ डैथ रिपोर्ट जाएगी। जानकारी मुताबिक डॉ. मंजीत सिंह कुरुक्षेत्र के झांसा गांव के शांतिनगर (कुरड़ी) स्थित अपने फार्म हाऊस में रुके हुए थे। वह पिछले कई दिनों से तनाव में थे और पुलिस से बचने के लिए जगह-जगह छिपते फिर रहे थे। रविवार रात वे सामान्य अवस्था में सोए लेकिन सुबह तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया पर उन्हें बचाया नहीं जा सका।
डॉक्टरों ने प्रारंभिक कारण हार्ट अटैक बताया है। फिलहाल शव को कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
22 सितम्बर को दर्ज हुआ था केस
डॉ. मंजीत के खिलाफ जिला नागरिक अस्पताल, यमुनानगर की एक 25 वर्षीय महिला ने 22 सितम्बर को गंभीर आरोप लगाए थे। महिला डॉक्टर ने बताया था कि सी.एम. ओ. ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल पर अश्लील बातें कीं।
शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। उसने पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी की जो पुलिस को सौंपी गई। केस दर्ज होने के बाद से सी.एम.ओ. फरार चल रहे थे। उन्होंने सैशन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।