सड़क हादसे में किसान की मौत, करनाल में खेत से घर लौटते समय वाहन ने कुचला

punjabkesari.in Tuesday, Jul 23, 2024 - 12:23 PM (IST)

करनाल : करनाल से युवा किसान की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार वाहन ने किसान को कुचल दिया। जब यह हादसा हुआ तो उस समय किसान खेत में पानी देकर घर वापस लौट रहा था। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह घटना हरियाणा के करनाल-कैथल स्टेट हाईवे पर दादूपुर के पास हुई थी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमित कुमार के तौर पर हुई है। वह दादूपुर गांव का रहने वाला है। सोमवार करीब रात 10 बजे जब अमित खेत से बाइक पर घर वापस लौट रहा था। तब तेज रफ्तार से आ रहे वाहन ने अमित को कुचल दिया। इस हादसे में अमित की मौत हो गई। घटना के बारे में पता लगते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

घटना  के बारे में पता लगते ही गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव वालों का कहना है कि इस हाईवे पर अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं। हाईवे पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है, यहां पर अंधेरा होने की वजह से इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। गांव के लोगों का ऐसा कहना है कि इस बारे में प्रशासन से शिकायत भी की गई है। लेकिन इस पर अब तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है। इस घटना से गांव के लोग भी दुखी हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है।

इस घटना के बारे में सदर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि वाहन की टक्कर की वजह से यह हादसा हुआ है। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की है। आरोपी बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। फिलहाल आज शव को पोस्टमार्टम के बाद  परिजन के हवाले कर दिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static