रेवाड़ी में रेलवे स्टेशन के पास युवक ने की आत्महत्या, मानसिक परेशानी से जूझ रहा था मृतक
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 04:25 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले गांव सहारनवास के पास रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास बीती रात दर्दनाक घटना सामने आई, जहां युवक ने ट्रेन के सामने लेटकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार स्टेशन मास्टर ने जीआरपी पुलिस को सूचना दी कि जोधपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन जा रही सालासर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सामने व्यक्ति रेलवे लाइनों पर लेट गया। ट्रेन के गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की जेब से एक डायरी बरामद हुई, जिसमें परिजनों के फोन नंबर मिले। पुलिस ने तुरंत परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान 43 वर्षीय धर्मवीर निवासी सहारनवास के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)