अचानक जोरदार धमाके से दहला रेवाड़ी, एक ही परिवार समेत 5 लोग झुलसे...घर के शीशे-गेट टूटे

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 10:40 AM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी शहर के हंसनगर स्थित एक मकान में रविवार शाम करीब चार बजे हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान के शीशे, टाइलें, दरवाजे और मुख्य लोहे का गेट तक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया। 

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सतवीर चौहान अपने घर में पत्नी मधु, 23 वर्षीय बेटी तन्नू, तीन वर्षीय भतीजी खुशी और पड़ोसी जयभगवान के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते सभी आग की चपेट में आकर झुलस गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान के शीशे चकनाचूर हो गए, टाइलें उखड़ गईं, दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए और मुख्य लोहे का गेट भी टूटकर अलग जा गिरा। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि क्षेत्र में बिछी गैस पाइपलाइन में रिसाव इस हादसे का कारण हो सकता है। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से आसपास के घरों में गैस की तेज गंध महसूस की जा रही थी, लेकिन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। 

हालांकि, गैस रिसाव की पुष्टि अभी तक आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस का कहना है कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन यदि गैस पाइपलाइन में रिसाव की आशंका सही साबित होती है तो यह संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करेगा। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static