सल्फास की गोली खाकर युवती ने दी जान, कारण का पता लगा रही पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 08:51 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): 21 वर्षीय युवती द्वारा अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का मामला सामने आया है। युवती के जहरीला पदार्थ निगलने की जानकारी मिलते ही परिजन उसे फोर्टिस अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बादशाहपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मनीषा (21) के रूप में हुई है। मृतका के पिता हरिकिशन ने पुलिस को बताया कि वह गैरतपुर बांस पंडाला गांव में रहते हैं। उनकी बेटी ने सल्फास की गोली खाकर अपनी जान दे दी। उन्हें कारणों का कुछ पता नहीं लगा है। जब उन्हें इस बारे में पता लगा तो वह बेटी को लेकर अस्पताल भागे जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने मृतका का मोबाइल कब्जे में लिया है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। 

 

कमरे में मृत मिला सिक्योरिटी गार्ड

गांव मैदावास में किराए पर रहने वाले एक होटल के सिक्योरिटी गार्ड का शव कमरे में पड़ा मिला है। मृतक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के रहने वाले हाकम सिंह (45) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह धर्म टावर होटल में बतौर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। शाम करीब सवा 5 बजे जब उसे बुलाया गया तो वह कमरे से बाहर नहीं आया। इस पर जब लोगों ने कमरे में देखा तो उसका शव पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static