Nuh में युवकों ने की हैवानियत की हदें पार, युवती ने दी जान...मामला जान उड़ जाएंगे होश
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 01:48 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के थाना बिछोर क्षेत्र के गांव में युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और बाद में उसकी मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार ने गांव के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
युवकों ने बारी-बारी युवती के साथ किया दुष्कर्म
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 18 मई 2026 की रात पीड़िता के पिता किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उसकी मां और बेटी मौजूद थीं। आरोप है कि देर रात कुछ युवक घर में जबरन घुस आए। शिकायत में कहा गया है कि एक युवक बाहर निगरानी करता रहा, जबकि अन्य आरोपियों ने युवती का मुंह कपड़े से बांधकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

किसी को बताने पर दी थी जान से मारने की धमकी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने वारदात के दौरान युवती के फोटो और वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा।
बदनामी के डर से युवती ने पीया जहरीला पदार्थ
परिजनों के मुताबिक बदनामी और मानसिक दबाव से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया। इसी दौरान पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी गई और पुलिस ने प्रारंभिक बयान दर्ज किए। परिजन युवती को दूसरे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने की ये मांग
घटना के बाद गांव में तनाव और परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना बिछोर के एसएचओ राजबीर का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है। फिलहाल मृतक युवती का बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)