रेवाड़ी में नशे में युवती ने 5 घंटे किया हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की तो पेट्रोल पंप संचालक को मारा थप्पड़...अस्पताल में किया गाली-गलौज
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 03:22 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : शहर के झज्जर चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार शाम शराब के नशे में धुत एक युवती ने करीब पांच घंटे तक जमकर हंगामा किया। युवती ने पहले पेट्रोल पंप के कैशियर की वीडियो बनानी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी युवती ने अभद्र व्यवहार किया। बाद में मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाने पर वहां भी उसने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब छह बजे सनसिटी क्षेत्र निवासी एक युवती अपने तीन दोस्तों के साथ झज्जर चौक स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची। वहां उसने कैशियर की वीडियो बनानी शुरू कर दी। कैशियर द्वारा मना करने पर युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। पेट्रोल पंप संचालक राजू ने बताया कि युवती शराब के नशे में थी। हंगामा बढ़ने पर उसके तीनों साथी मौके से चले गए। काफी समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की। समझाने का प्रयास किए जाने पर वह सड़क पर लेट गई और काफी देर तक हंगामा करती रही। आसपास मौजूद लोग उसे शांत कराने का प्रयास करते रहे। इसके बाद पुलिस युवती को सिटी थाना ले गई, जहां भी उसने हंगामा जारी रखा।
सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे, लेकिन उनके समझाने पर भी वह नहीं मानी। बाद में पुलिस मेडिकल जांच के लिए उसे अस्पताल लेकर गई। वहां भी युवती ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ गाली-गलौज की, जिसके चलते कुछ समय के लिए अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सिटी थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि युवती का हंगामा रात करीब 11 बजे तक चलता रहा। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।