पहले पंजाब की युवती को दिया शादी का झांसा... फिर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव, अब आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 03:32 PM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह एक बार फिर गंभीर आपराधिक मामले को लेकर चर्चा में आ गया है। इस बार मामला पंजाब की एक युवती के साथ कथित रूप से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, पैसे ऐंठने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने से जुड़ा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के फिरोजपुर जिले के राना गांव की रहने वाली युवती की करीब एक वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से फिरोजपुर झिरका के ढोंढ गांव निवासी जहीर पुत्र यूनूस से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती से शादी का झांसा दिया।

पीड़िता के आरोप के मुताबिक आरोपी ने उसे एक होटल में खाने के बहाने बुलाया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया और धोखे से अश्लील वीडियो बना ली गई। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये भी ऐंठ लिए।

शिकायत के अनुसार करीब 15 दिन पहले आरोपी ने ईद के मौके पर शादी का वादा करते हुए 20 मार्च को युवती को अपने गांव ढोंढ बुलाया। वहां भी कई दिनों तक उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए। इस दौरान आरोपी ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। इसके बाद पीड़िता किसी तरह फिरोजपुर झिरका पहुंची और स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और ‘हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलिजन एक्ट 2022’ सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और साइबर माध्यमों के जरिए बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static