हरियाणा से 'CBI' को उखाड़ फेंकेगी आप की रैली: नवीन जयहिंद

punjabkesari.in Thursday, Mar 15, 2018 - 04:23 PM (IST)

नूंह मेवात(एके बघेल): हिसार में आगामी 25 मार्च को होने वाली आप की रैली से हरियाणा में आप का चुनावी शंखनाद होने जा रहा है। रैली को सफल बनाने के लिए आप ने पूरी ताकत झोंक दी है। आप प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद प्रदेशभर के सभी जिलों में दौरा कर कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रहे है। साथ ही लोगों को रैली की दावत दे रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हिसार की इस रैली में मुख्यातिथि होंगे। बुधवार को नवीन जयहिंद नूंह कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचे और कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ कांग्रेस, भाजपा और इनेलो को 'CBI' की संज्ञा दी बल्कि इसे हरियाणा से उखाड़ फेंकने का दम भी भरा। 

PunjabKesari
जयहिंद ने पंजाब के नतीजों पर कहा कि दूसरी बार में ही हमारी पार्टी विपक्ष में पहुंच गई। हरियाणा में पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। यूपी-बिहार उपचुनाव पर आप प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोग भाजपा की असलियत को पहचान चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनके विधायकों पर झूठी एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। यह सब केंद्र की सरकार के इशारे पर हो रहा है। भाजपा हमें परेशान करने में कोई कसर नहीं रख रही लेकिन आप ऐसे डरने वाली नहीं है। 

जयहिंद ने भाजपा को नोट वाली पार्टी बताते हुए कहा कि वो अमीर पार्टी है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जींद रैली के लिए करोड़ों रुपये का पेट्रोल बांटने के बावजूद रैली फ्लॉप रही। आप गरीब पार्टी है इसलिए पीले चावल बांटकर लोगों को हिसार रैली की दावत दी जा रही है। पीले चावल की प्रदेश में परंपरा रही है। जींद की भाजपा की रैली से आप की हिसार रैली भीड़ के लिहाज से कामयाब होगी। 
PunjabKesari
वहीं जब जयहिंद से पूछा गया कि हरियाणा में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। तब नवीन जयहिंद बोले कि आम आदमी मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने तो पीएम नरेंद्र मोदी तक पर तंज कसते हुए कहा कि भले ही वो पीएम बन गए। लेकिन आम आदमी से पीछा नहीं छुड़ा सकते। उनके घर-बरामदे तक में आम आदमी रहता है। 

आम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नवीन जयहिंद का नूंह पहुंचने पर फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया और उनको भरोसा दिलाया कि हिसार रैली में मेवात से भारी भीड़ शिरकत करेगी। जयहिंद ने रैली में पूरी ताकत लगाने की बात कही और पलवल के लिए रवाना हो गए। आप नेता ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रथ यात्रा और अशोक तंवर की साईकिल यात्रा पर भी जमकर निशाना साधा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static