रोहतक में हैवानियत: युवक को अगवा कर बेल्टों से पीटा; चेहरे पर पेशाब कर बनाया अमानवीय वीडियो!
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 07:03 PM (IST)
रोहतक: आई.एम.टी. थाना क्षेत्र में एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसे खेतों में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी साध निवासी साहिल ने बताया कि वह आई.एम.टी. क्षेत्र में अपने दोस्त मोहित के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान रोहित, उसकी बुआ का बेटा जतिन, विशाल, राहुल, पारस, उसका भाई नितिन तथा अन्य युवक 2 गाड़ियों में वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जबरन गाड़ी में डालकर उसे एक खेत में ले गए।
साहिल के अनुसार खेत में ट्यूबवैल के पास आरोपियों ने डंडों और बैल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान उसे निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाया गया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसके चेहरे पर पेशाब किया और लगातार गालियां देते रहे।
आरोपियों ने उस पर गांव की पुरानी रंजिश और हथियारों से जुड़े एक मामले की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने का दबाव भी बनाया। मारपीट के बाद आरोपी उसे घायलावस्था में छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने साहिल को उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसके शरीर पर दर्जनों चोटों की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।